
# घर में सो रही महिला पर तेजाब फेंकने का आरोप, हालत गंभीर
**नाथूसरी चौपटा।** क्षेत्र के गांव हंजीरा में एक महिला पर कथित रूप से तेजाब फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे पहले चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव हंजीरा निवासी 28 वर्षीय सरोज देवी अपने मायके में रह रही है। बुधवार तड़के करीब 4 बजे वह घर के आंगन में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ अथवा तेजाब फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए और उसे तुरंत उपचार के लिए चौपटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिरसा के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार तेजाब गिरने से महिला के पेट और शरीर के निचले हिस्से पर गहरे घाव हो गए हैं। बताया जा रहा है कि महिला पिछले तीन वर्षों से गांव में रह रही है तथा उसके दो बच्चे हैं।
महिला की शिकायत पर नाथूसरी चौपटा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना के कारणों और आरोपी की पहचान के लिए जांच जारी है।
**पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।**
Sirsa, Sirsa | Jun 4, 2026