सारण जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सारण पुलिस ने नई सुपर पेट्रोलिंग व्यवस्था लागू की है। इसके तहत पूरे जिले को 6 जोन में विभाजित किया गया है और प्रत्येक रात्रि में वरीय पुलिस पदाधिकारियों द्वारा सुपर पेट्रोलिंग की जाएगी।
इस व्यवस्था के अंतर्गत सुपर पेट्रोलिंग में तैनात पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित जोन के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। वे रात्रिकालीन पुलिस गश्ती, संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था, वाहन जांच अभियान तथा अपराध नियंत्रण की स्थिति का मौके पर निरीक्षण करेंगे। साथ ही संबंधित थाना पुलिस की कार्यशैली एवं रात्रि पुलिसिंग की भी समीक्षा करेंगे।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करें, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
Chapra, Saran | Jul 7, 2026