
तिरंगा छपे मिष्ठान डिब्बे कूड़े में मिलने से उठे सवाल, लायंस स्कूल पर राष्ट्रध्वज के अपमान का आरोप
मिर्जापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित लायंस स्कूल में मिष्ठान वितरण के बाद तिरंगा मुद्रित डिब्बे कूड़े के ढेर में पाए जाने का मामला सामने आया है। डिब्बों पर विद्यालय के नाम के साथ राष्ट्रध्वज का चित्र भी मुद्रित था।
कार्यक्रम के बाद ऐसे डिब्बे विद्यालय के बाहर कूड़े में पड़े मिलने पर स्थानीय लोगों और राष्ट्रप्रेमियों ने नाराजगी जताते हुए विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि राष्ट्रध्वज का चित्र किसी ऐसे सामान पर अंकित नहीं किया जाना चाहिए, जिसके उपयोग के बाद उसके कूड़े में जाने की संभावना हो।
पहले भी सामने आ चुका है मामला
बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पूर्व भी कागज की प्लेटों पर तिरंगे की तस्वीर मुद्रित कराए जाने और उपयोग के बाद उनके कूड़े में फेंके जाने का मामला सामने आया था। उस समय तत्कालीन मंडलायुक्त ने संज्ञान लेते हुए संबंधित निर्माता, विक्रेता और उपयोग करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कराई थी।
फिलहाल, इस मामले में अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।