
सिराली महाविद्यालय में साइबर जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
-साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए, समाज को जागरूक करने का लिया संकल्प
अनोखा तीर, सिराली। शासकीय महाविद्यालय सिराली में मंगलवार को थाना सिराली एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में साइबर सुरक्षा को लेकर सेफ क्लिक 2.0 अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। थाना सिराली की टीम ने गुम एवं चोरी हुए मोबाइल की शिकायत सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराने, सभी प्रकार के साइबर अपराधों की शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल तथा हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करने की जानकारी दी। साथ ही किसी भी अनजान स्रोत से एपीके फाइल डाउनलोड एवं इंस्टॉल नहीं करने, व्हाट्सएप का ऑटो मीडिया डाउनलोड बंद रखने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी, पिन, पासवर्ड, सीवीवी और आधार नंबर किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सिराली थाना की टीम के साथ प्राचार्य डॉ. धीरा शाह, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रानी पटेल, समस्त स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Jul 8, 2026