
अंबेडकर पार्क समेत स्थानीय समस्याओं पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा,
जनसमस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा : बृजेश कुमार आर्य
बस्ती: नगर पंचायत नगर बाजार के वार्ड अंबेडकर नगर में कांग्रेस पार्टी द्वारा चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व महादेवा विधानसभा प्रत्याशी एवं कांग्रेस कमेटी उत्तर प्रदेश (अनुसूचित जाति विभाग) के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश कुमार आर्य रहे। कार्यक्रम का आयोजन आशीष आर्य ने किया। चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा तथा आमजन के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुना। नगर पंचायत नगर बाजार कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यशराज के.के. ने कहा कि वार्ड अंबेडकर नगर में दलित समाज की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी, विकास कार्यों की उपेक्षा तथा प्रशासन और नगर पंचायत की उदासीनता पर चिंता व्यक्त की। यशराज के.के. ने बताया कि अंबेडकर पार्क समेत विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए कई बार एसडीएम एवं नगर पंचायत चेयरमैन को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मुख्य अतिथि बृजेश कुमार आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों की आवाज बनकर खड़ी रही है तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। चौपाल में स्थानीय नागरिकों ने सड़क, पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य समस्याएं उठाईं। कार्यक्रम में संजय कुमार, अजीत निगम, करुणा देवी, नीतीश, चंद्रकला, जनक, अर्जुन यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Basti, Basti | Jun 23, 2026