
खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई : 32 टन अवैध कोयला जब्त
सिंगरौली:कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में खनिज विभाग द्वारा वन विभाग एवं एनसीएल के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता प्राप्त की गई है। कार्रवाई के दौरान लगभग 32 टन अवैध रूप से भंडारित कोयला जब्त किया गया है।
खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी,रामसुशील चौरसिया द्वारा दिनांक 20 जुलाई 2026 को वन विभाग के रेंजर एवं एनसीएल के सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एनसीएल की निगाही परियोजना खदान के समीप रेलवे लाइन से लगभग 200 मीटर की दूरी पर बड़ी मात्रा में कोयला अवैध रूप से भंडारित पाया गया। जांच में मौके पर लगभग 32 टन कोयला लावारिस अवस्था में मिला, जिसके संबंध में कोई वैध अभिलेख अथवा स्वामित्व प्रस्तुत नहीं किया जा सका। संयुक्त दल द्वारा मौके पर उपलब्ध कोयले को तत्काल जब्त कर नियमानुसार सुरक्षार्थ पुलिस थाना मोरवा में रखवाया गया। खनिज विभाग द्वारा जब्त कोयले का पंचनामा तैयार कर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूर्ण की गई है। प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज नियमों के प्रावधानों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनिज गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।