
न फ्रेंचाइजी खोली ना ही लौटाए पैसे, सलमान खान को धोखाधड़ी केस में कोर्ट से नोटिस; चंडीगढ़ के कारोबारी ने किया था निवेश
बॉलीवुड स्टार सलमान खान, उनकी बहन अल्विरा खान अग्निहोत्री और बींग ह्यूमन कंपनी से जुड़े प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ जिला अदालत से नोटिस जारी किया गया है। शहर के एक कारोबारी अरुण गुप्ता ने चार साल पहले इन सभी के खिलाफ जिला अदालत में शिकायत दायर की थी। इस शिकायत पर ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट डा. अंबिका शर्मा की कोर्ट में सुनवाई चल रही है।
हालांकि अदालत ने इन्हें आरोपी के तौर पर समन भेजने की बजाय पहले उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया है। अब मामले की सुनवाई पांच अक्टूबर को होगी।
वर्ष 2023 में अरुण गुप्ता ने अदालत में याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने सलमान खान, उनकी बहन अल्विरा, बींग ह्यूमन फाउंडेशन, उससे जुड़ी कंपनी स्टाइल क्वेंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि प्रसाद बिंदू माधव और संतोष श्रीवास्तव पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे।
शिकायत के अनुसार उन्होंने सलमान खान की बहन अल्विरा खान अग्निहोत्री के ब्रांड बींग ह्यूमन ज्वैलरी की फ्रेंचाइजी ली। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों के कहने पर मनीमाजरा के एनएसी में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी का शोरूम खोल दिया।
शोरूम की पूरी रेनोवेशन भी उन्होंने ही करवाई, लेकिन अचानक कंपनी बंद कर दी गई। उन्होंने बींग ह्यूमन ब्रांड के साथ जुड़ने के लिए इतना खर्चा किया, लेकिन कंपनी ने कहीं और कोई फ्रैंचाइजी ही नहीं खोली। कंपनी ने फ्रैंचाइजी बंद होने पर न तो उन्हें दी ज्वैलरी वापस ली और न ही उनके करोड़ों रुपये लौटाए।
ऐसे में उन्होंने कंपनी के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने जब उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की तो उन्होंने सलमान समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ चंडीगढ़ जिला अदालत में आपराधिक केस दायर कर दिया।
शोरूम की ओपनिंग में नहीं आए सलमान
गुप्ता ने आरोप लगाया कि उन्हें ब्रांड के लालच में फंसाया गया। पहले तो उन्हें कहा गया कि उनके मनीमाजरा वाले शोरूम के उद्घाटन पर सलमान खान खुद पहुंचेंगे, लेकिन बाद में उन्होंने अपने जीजा आयूष शर्मा को भेज दिया। सलमान ने इस बारे में बिग बास शो में सार्वजनिक तौर पर बताया भी।
उन्होंने अरुण गुप्ता का नाम लेकर कहा कि वह व्यस्त होने के कारण नहीं आ सके। गुप्ता ने कहा कि सलमान खान को इस शोरूम और फ्रेंचाइजी के बारे में पूरी जानकारी थी। उनके नाम का इस्तेमान कर कंपनी ने उन्हें फ्रेंचाइजी दे दी, लेकिन बाद में अचानक पूरा काम बंद कर दिया। ऐसे में उन्होंने इस धोखाधड़ी के लिए सलमान खान को भी जिम्मेदार ठहराया।
#chandigarhnews #chandigarh #panchkulasocialmedia