
*निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान के तहत जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत अभियान के तीसरे दिन जिला जनसंपर्क कार्यालय, हजारीबाग द्वारा जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किया गया।
*प्रचार रथों के माध्यम से जागरूकता अभियान*
अभियान के तहत पांच जागरूकता प्रचार रथों द्वारा जिले के सार्वजनिक स्थलों, हाट-बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों, शैक्षणिक संस्थानों, चौक-चौराहों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार किया गया।
प्रचार रथों द्वारा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 से 29 तक के विभिन्न मार्गों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थलों के अतिरिक्त चौपारण प्रखंड के बच्छई, गोविंदपुर, सेलहारा, कला एवं डेबो सिंघरावां पंचायत, ईचाक प्रखंड के चम्पानगर, हदारी ईचाक एवं परासी पंचायत, विष्णुगढ़ प्रखंड के विष्णुगढ़, चेडरा, बकसपुरा एवं अचलजामू पंचायत तथा डाड़ी प्रखंड के रबोध, डाड़ी, रेलीगढ़ा, गिद्दी एवं हेसालौंग पंचायत क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।
इस दौरान नशामुक्ति से संबंधित ऑडियो जिंगल एवं लघु फिल्मों का प्रसारण प्रचार रथों पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। साथ ही आमजनों के बीच नशामुक्ति संबंधी पंपलेटों का वितरण कर जनजागरूकता संदेश पहुंचाया गया।
*नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता*
अभियान के अंतर्गत सांस्कृतिक दलों द्वारा जिले के 20 विभिन्न स्थलों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर निषिद्ध मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त समाज के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम चौपारण प्रखंड के पाण्डेयबारा बुध बाजार एवं चोरदाहा, बरही प्रखंड के दुलमाहा एवं मलकोको, बरकट्ठा प्रखंड के शीलाडीह एवं गोरहर पंचायत क्षेत्र, ईचाक प्रखंड के ईचाक मोड़ हाट एवं चम्पानगर पंचायत, कटकमसांडी प्रखंड के बहिमर गेट बुध बाजार एवं डांड़ पंचायत, सदर प्रखंड के मोरांगी एवं हरहद पंचायत, केरेडारी प्रखंड के गर्रीकला दुर्गा मंडप हाट एवं कराली पंचायत, बड़कागांव प्रखंड के डाड़ीकला एवं सिंदुआरी, विष्णुगढ़ प्रखंड के बनासो बुध बाजार एवं जोबर पंचायत तथा शहरी क्षेत्र के मार्खम कॉलेज परिसर एवं खिरगांव बस स्टैंड सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए गए।
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान तथा स्वस्थ जीवन के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों के बीच नशामुक्ति विषयक पंपलेटों का वितरण किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।