
डोलरिया में किसानों की समस्याओं के निराकरण को लेकर बैठक, नरवाई प्रबंधन पर दिया जोर
कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देशों के अनुपालन में किसानों की समस्याओं के निराकरण और कृषि कार्यों में सुगमता के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान संगठनों, किसानों, बेलर संचालकों, कस्टम हायरिंग सेंटर और हार्वेस्टर संचालकों के साथ चर्चा की गई।
बैठक में तहसीलदार डोलरिया, नायब तहसीलदार डोलरिया, कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, विद्युत विभाग के लाइन इंचार्ज, क्रांतिकारी किसान मजदूर संघ और भारतीय किसान मजदूर संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में नरवाई प्रबंधन के लिए प्रभावी उपाय अपनाने पर जोर दिया गया। किसानों को नरवाई न जलाने, बेलर मशीन और एसएमएस अटैचमेंट युक्त हार्वेस्टर का उपयोग करने तथा कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से कृषि यंत्रों का आपसी समन्वय से उपयोग कर फसल अवशेषों का समुचित प्रबंधन करने की समझाइश दी गई।
आगामी सिंचाई को देखते हुए जल संसाधन विभाग को नहरों की सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। विद्युत आपूर्ति, लोड सेटिंग और निर्धारित समय पर बिजली न मिलने की समस्याओं पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में किसान संगठन के उपाध्यक्ष द्वारा उर्वरक वितरण और नरवाई प्रबंधन के लिए कृषि उपकरणों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया गया, जिस पर कृषि विभाग ने उपलब्ध संसाधनों के आधार पर प्रयास का आश्वासन दिया। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों और किसान संगठनों के समन्वय से किसानों की समस्याओं के समाधान और नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोकथाम के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav General Administration Department, MP Jansampark Madhya Pradesh