25 अक्टूबर से हरदा, 27 अक्टूबर से सिवनी मालवा, 1 नवंबर से इटारसी एवं 05 नवंबर से सोहागपुर के लिए तवा नहर से पानी छोड़ा जाएगा
संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
कलेक्टर कार्यालय नर्मदापुरम में बुधवार को नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर श्री श्रीकांत बनोठ की अध्यक्षता में रबी फसलों की सिंचाई के लिए संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभागायुक्त श्री बनोठ वीसी के माध्यम से जुड़े। इस दौरान डीआईजी श्री वीरेंद्र सिंह, कलेक्टर नर्मदापुरम श्री आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन, संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री नवल मीना, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता श्री राजाराम मीना, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वही हरदा कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, बैतूल कलेक्टर सौरभ संजय सोनवणे एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीसी के माध्यम से ऑनलाइन मौजूद थे।
संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि हरदा जिले के लिए बायी तट मुख्य नहर से 25 अक्टूबर 2026 को, 27 अक्टूबर से सिवनी मालवा की रायगढ़ भिलाड़िया मकड़ाई के लिए व 01 नवम्बर से मिसरोद उप नहर, इटारसी संभाग की नहरे, 05 नवंबर से सोहागपुर से जल प्रवाह शुरू किया जाएगा।
कमिश्नर श्री बनोठ ने कहा कि निर्धारित की गई तिथियों का पर्याप्त रूप से प्रचार करें। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी करवाई जाए। साथ ही अपने स्तर पर भी विभाग सभी किसान संगठनों से समन्वय कर तिथियों से अवगत कराएं।
इस दौरान जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता श्री राजाराम मीना ने तवा जलाशय की वर्तमान जल संग्रहण स्थिति 1705 एमसीएम जो की उपलब्ध भराव का 87% होने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि वर्तमान में नहरो की साफ सफाई का कार्य निरंतर जारी है। कमिश्नर श्री बनोठ ने जल संसाधन विभाग के उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरो से पानी छोड़े जाने के लिए बेहतर प्रबंधन एवं बेहतर सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए की पानी छोड़ने वाले स्थान से लेकर टेल क्षेत्र तक कुछ मुख्य प्वाइंटों पर नहर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।