
श्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
जहानाबाद :
आगामी बराबर श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ बराबर पहाड़ी, सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, पाताल गंगा, मेला क्षेत्र एवं संपर्क मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य, प्रकाश एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बराबर श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होगा। मेला क्षेत्र की बंदोबस्ती की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ली जाएगी। जिला पदाधिकारी ने हथियाबोर मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बालू एवं पत्थर बिछाने, महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा नियंत्रण कक्ष, एंबुलेंस नंबर और मार्गदर्शक संकेतक बोर्ड स्थापित करने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस एवं नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। गायघाट और पातालगंगा में वाहनों के ठहराव के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी। अग्निशमन सुरक्षा के तहत फायर ब्रिगेड की तैनाती तथा दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखने का निर्देश भी दिया गया।
पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर पीएचईडी को टंकियों की सफाई, अस्थायी शौचालयों की स्थापना तथा आवश्यकतानुसार टैंकरों से जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पातालगंगा में स्नान करने वाली महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की जाएगी। नगर पंचायत मखदुमपुर को पूरे मेला क्षेत्र की नियमित साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत सिद्धनाथ मंदिर, पातालगंगा एवं प्रमुख यात्री शेडों के पास चिकित्सकीय दलों की तैनाती होगी। साथ ही कम से कम तीन एंबुलेंस और बराबर अतिथि गृह में चार बेड वाले अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, खराब चापाकलों की मरम्मत, संपर्क पथों के सुधार, पार्किंग स्थल निर्माण तथा सूचना केंद्र-सह-नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध