
बिहार में अफसरों को सख्त हिदायत, DM से लेकर DGP तक को पत्र — विधायकों का फोन तुरंत उठाएं, सम्मान से पेश आएं सरकार।
पटना, 21 अगस्त 2026
बिहार में अफसरशाही को लेकर सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। विधायकों और सांसदों के साथ शिष्टाचार और प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किया है।
सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मोहम्मद सोहैल ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, DGP, सभी प्रमंडलीय आयुक्त और जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि जनप्रतिनिधियों के प्रति सभी अधिकारी अपेक्षित प्रोटोकॉल और शिष्टाचार का पालन सुनिश्चित करें।
पत्र में उल्लेख है कि 17 जुलाई 2026 को विधानसभा अध्यक्ष ने वरीय पदाधिकारियों की बैठक ली थी, जिसमें विधायकों के प्रति प्रोटोकॉल और शिष्टाचार के प्रभावी अनुपालन के लिए दिशा-निर्देश जारी करने को कहा गया था।
*सरकार के निर्देश क्या हैं?*
1. अगर कोई विधायक फोन करे तो अधिकारी तुरंत कॉल रिसीव करें। किसी विशेष परिस्थिति में कॉल न उठा पाएं तो यथाशीघ्र वापस कॉल कर संवाद स्थापित करें।
2. विधायकों से प्राप्त पत्र की प्राप्ति सूचना तुरंत दें और उस पर की गई कार्रवाई या वर्तमान स्थिति से समय-सीमा के अंदर अवगत कराएं।
3. जब कोई विधायक या विधान पार्षद कार्यालय में मिलने आएं तो उनके पद और गरिमा के अनुरूप प्रोटोकॉल, शिष्टाचार और सम्मानजनक व्यवहार करें।
बता दें कि हाल ही में मधुबनी में सत्ताधारी दल के दो सांसदों के साथ प्रोटोकॉल उल्लंघन का मामला सामने आया था, जिसके बाद यह मामला और गरमा गया था। इसी पृष्ठभूमि में सरकार का यह पत्र काफी अहम माना जा रहा है।