
आगर में खंडहरनुमा जगह पर जुए का खेल, पुलिस की दबिश में 10 जुआरी पकड़े
तनोडिया-खेमा खेड़ी रोड पर देर रात कार्रवाई, ₹16,750 नकद, 4 मोबाइल और 52 ताश के पत्ते सहित ₹56,750 का मशरूका जब्त
आगर-मालवा। तनोडिया में खंडहरनुमा स्थान पर चल रहे जुए के खेल पर पुलिस ने देर रात दबिश देकर 10 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने मौके से ₹16,750 नकद, जुआ खेलने में इस्तेमाल 52 ताश के पत्ते और 4 एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद किए। जब्त मशरूके की कुल कीमत ₹56,750 बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 6-7 अक्टूबर की दरमियानी रात पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया को सूचना मिली थी कि तनोडिया-खेमा खेड़ी रोड स्थित गिट्टी मशीन के पास खंडहरनुमा स्थान पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक कमल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान मौके से 10 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
पकड़े गए लोगों की पहचान जगदीश बागरी, भुरु अजीज खान, राजू मुंशी फकीर, तेजू मायाराम चंद्रवंशी, धना पूरागी, बाबू गंगाराम सूर्यवंशी, नौशाद गनी खान, जितेंद्र मदनलाल सूर्यवंशी, वकील जी खान और पप्पू नग्गाजी मालवीय के रूप में हुई है। सभी तनोडिया, जिला आगर-मालवा के निवासी बताए गए हैं।
मामले में थाना कोतवाली आगर में मध्यप्रदेश पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आरोपियों को नोटिस तामील कर जांच में शामिल किया गया है। कार्रवाई में पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया प्रभारी एएसआई कमल सिंह राठौड़ सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।