
कोटा ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी: 10 हजार के इनामी सहित दो मुख्य आरोपी ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार
रामगंजमंडी (कोटा ग्रामीण)। रामगंजमंडी थाना क्षेत्र में दुर्गेश उर्फ दुर्गालाल भील की हत्या के मामले में कोटा ग्रामीण पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ‘ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग’ के तहत पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पवन मेघवाल और पूर्व के जानलेवा हमले के मामले में 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी राजेश उर्फ राजू केवट को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है।
शराब के ठेके पर विवाद के बाद हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रेमचन्द्र भील ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अगस्त 2026 की रात वह अपने साथी बनवारी और चचेरे भाई दुर्गालाल के साथ अमरपुरा चौराहा स्थित शराब की दुकान पर गया था। वहां कुछ लोगों से कहासुनी हो गई।
इसके बाद जब वे पारसा माता चौराहा रोड की तरफ जा रहे थे, तभी प्रहलाद बैसला फैक्ट्री के सामने शराब के ठेके पर मौजूद एक व्यक्ति ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
आरोपियों ने दुर्गालाल के साथ गंभीर मारपीट की और उसे घायल अवस्था में खाल के पास पटक दिया। हालत गंभीर होने पर उसे रामगंजमंडी से झालावाड़ अस्पताल रेफर किया गया, जहां 13 अगस्त की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या की धारा में बदला मामला
दुर्गालाल की मौत के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या की धारा जोड़कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के CCTV फुटेज, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को चिन्हित किया और फरार आरोपियों की तलाश में राजस्थान के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी दबिश दी। इसी कार्रवाई के दौरान दोनों मुख्य आरोपियों को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की कार्रवाई से आरोपियों में हड़कंप
कोटा ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग’ के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।
#KotaRuralPolice #Ramganjmandi #OperationCriminalDusting #RajasthanPolice #BlindMurderSolved #KotaCrimeNews #PoliceAction
Ladpura, Kota | Aug 21, 2026