कटिहार में स्कॉर्पियो में 301 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, चौर में पीछा कर पकड़ा
जिला पदाधिकारी के आदेश के आलोक में मद्य निषेध विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 301.640 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मद्य निषेध टीम के अनुसार 28 सितंबर की मध्य रात्रि पश्चिम बंगाल से स्कॉर्पियो वाहन में शराब की खेप लेकर आ रहे तस्कर को टीम ने पीछा कर आजमनगर थाना क्षेत्र के मानिकनगर के पास चौर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के बाकीया रानीचक निवासी मिथुन कुमार के रूप में हुई है। इधर, बलरामपुर जांच चौकी पर भी मद्य निषेध टीम ने कार्रवाई करते हुए साइकिल से शराब ले जा रहे दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलरामपुर निवासी गोपाल सिंह एवं विश्वजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों के पास से छह बोतल बीयर और एक बोतल शराब बरामद की गई। विभाग की ओर से गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।