
तेघड़ा के अयोध्या मिथिला गंगा घाट पर अव्यवस्था, छठव्रतियों की बढ़ी परेशानी
गुप्ता बांध से गंगा घाट तक रास्ते का अभाव, भारी भीड़ के बीच पुलिस प्रशासन नदारद; स्थानीय लोगों में आक्रोश
बेगूसराय। तेघड़ा के अयोध्या मिथिला गंगा घाट पर लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर छठव्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। लेकिन घाट तक पहुंचने वाले रास्ते की बदहाल स्थिति और पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण छठव्रतियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुप्ता बांध से लेकर गंगा घाट तक जाने के लिए समुचित रास्ते की व्यवस्था नहीं है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ के कारण पूरे इलाके में अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। खासकर छठव्रती महिलाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद मौके पर पुलिस प्रशासन की पर्याप्त तैनाती नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा केवल निरीक्षण कर औपचारिकता पूरी की जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ है।
इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और छठव्रतियों में काफी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जब छठ महापर्व को लेकर पहले से तैयारियां की जाती हैं, तो फिर घाट तक पहुंचने के रास्ते और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया?
जिलाधिकारी महोदय से स्थानीय लोगों की मांग है कि तेघड़ा के अयोध्या मिथिला गंगा घाट की स्थिति को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि छठव्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लोक आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
#Begusarai #बरौनी #BARAUNI #बेगूसराय