ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे रूट पर बड़ा फैसला,समस्तीपुर DM ने NHAI से मांगा वैकल्पिक अलाइनमेंट
#पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित रूट को लेकर सरायरंजन में जारी विरोध के बीच समस्तीपुर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. आपत्ति ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने एनएचएआई और बिहार पथ निर्माण विभाग को पत्र लिखकर वैकल्पिक अलाइनमेंट पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है.जिला भू-अर्जन शाखा की ओर से जारी पत्रों में कहा गया है कि वर्तमान प्रस्तावित संरेषण को लेकर स्थानीय स्तर पर भारी असंतोष है. प्रशासन ने आशंका जताई है कि जनहित के अनुरूप मार्ग में बदलाव नहीं होने पर सरायरंजन अंचल में सड़क निर्माण कार्य के दौरान गंभीर व्यवधान उत्पन्न हो सकता है.
जन संघर्ष समिति के अनुसार, मौजूदा रूट से करीब 140 घर और दुकानें पूरी तरह प्रभावित होंगी. इसके अलावा करीब 50 वर्ष पुराने केएसआर महाविद्यालय की इंटर बिल्डिंग पूरी तरह और डिग्री बिल्डिंग का एक हिस्सा प्रभावित होने की बात कही गई है. कॉलेज के खेल मैदान का करीब दो-तिहाई हिस्सा भी इसकी जद में आने का दावा किया गया है.