
हरियाणा में 10 नवंबर से बाजरे की सरकारी खरीद बंद:सिरसा के किसानों में रोष, बोले- ई-पोर्टल से टोकन की सुविधा भी हटाई....
हरियाणा सरकार ने 10 नवंबर से बाजरे की सरकारी खरीद अचानक बंद कर दी है। ई-खरीद पोर्टल पर टोकन जारी करने की सुविधा भी बंद होने से मंडियों में फसल बेचने पहुंचे किसान परेशान हैं। किसानों ने सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई है।
भारतीय किसान एकता (बीकेई) के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने फैसले का कड़ा विरोध करते हुए इसे सरकार का तुगलकी फरमान बताया। उन्होंने कहा कि बाजरे की सरकारी खरीद 15 नवंबर तक निर्धारित थी, लेकिन बिना पूर्व सूचना के 10 नवंबर से ही पोर्टल पर टोकन काटने बंद कर दिए गए।
औलख ने उन किसानों से विशेष फॉर्म भरने की अपील की है, जिनका बाजरा अभी नहीं बिका है। उनके अनुसार, फॉर्म जमा होने के बाद संबंधित विभाग फसल की मात्रा का सत्यापन करेंगे और इसके बाद ही ई-खरीद पोर्टल पर टोकन जारी होगा।
मार्केट कमेटी कार्यालय में जमा कराएं फॉर्म
किसान नेता ने बताया कि बाजरा बेचने के लिए सरकार की ओर से विशेष फॉर्म जारी किया गया है। जिन किसानों की फसल बची हुई है, वे फॉर्म में अपना नाम, पिता का नाम, गांव, तहसील, 'मेरी फसल मेरा ब्योरा' का पंजीकरण विवरण और बची हुई फसल की सही मात्रा भरें।
इसके साथ आधार कार्ड संलग्न करके फॉर्म जल्द से जल्द नजदीकी मार्केट कमेटी कार्यालय में जमा करवाएं। इसके बाद कृषि विभाग, राजस्व विभाग और उपायुक्त की अध्यक्षता वाली कमेटी फसल की मात्रा का सत्यापन करेगी। सत्यापन के बाद ही ई-खरीद पोर्टल पर टोकन जारी होगा।
पोर्टल पर दर्ज कराए बिना बेचने पर नहीं मिलेगा भावांतर
औलख ने किसानों को आगाह किया कि पोर्टल पर दर्ज कराए बिना या निजी व्यापारी को बाजरा बेचने पर भावांतर भरपाई योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। इसलिए किसान निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अपनी फसल बेचें।
#sirsa #gokul #gokulsetia #sirsa #mla #viral #sirsabreaking #takkrtoday #sirsatody #congress #brejindersingh #santoshbeniwal #santoshvsgokul #inld #abhaychautala #haryana #poltical #cmnayabsaini #hrcmnayab #haryanapoltical #viralharyana #farmer #kisan #sirsakisan
Sirsa, Sirsa | Nov 11, 2026