
नशे में ड्राइविंग और मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला पुलिस का शिकंजा, 156 वाहनों के चालान
यातायात पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त कार्रवाई, दो दिन के अभियान में 5.64 लाख रुपये का जुर्माना
कासगंज। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान में यातायात पुलिस और एआरटीओ विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 156 वाहन चालकों के चालान किए। इस दौरान ऑनलाइन शमन शुल्क के रूप में 5 लाख 64 हजार 500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में 20 और 21 जून को चलाए गए अभियान के दौरान हजारा नहर पुल, मालगोदाम चौराहा और बिलराम गेट चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान नशे में वाहन चलाने वाले 7 चालक, 80 डेसीबल से अधिक ध्वनि करने वाले 17 वाहन, मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 4 दोपहिया वाहन तथा ओवरस्पीडिंग कर रहे 40 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, फाल्टी नंबर प्लेट, एचएसआरपी के अभाव, अवयस्कों द्वारा वाहन संचालन, गलत दिशा में वाहन चलाने और मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।