
अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी ऐलान: बेटी के जन्म पर मिलेगा 10 ग्राम सोना, हर दिन करीब 84 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान
लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र जारी करते हुए बेटियों के लिए एक बड़ी घोषणा की है।
अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनती है, तो प्रदेश में जन्म लेने वाली प्रत्येक बेटी को जन्म के समय 10 ग्राम सोना दिया जाएगा। इस घोषणा को महिला सशक्तिकरण और बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण वादा बताया जा रहा है।
केंद्र सरकार के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय की वर्ष 2023 की सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (SRS) रिपोर्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन औसतन लगभग 15 हजार से 15,500 बच्चों का जन्म होता है। इनमें करीब 7,300 से 7,500 नवजात बच्चियां होती हैं।
इस हिसाब से यदि प्रत्येक नवजात बेटी को 10 ग्राम सोना दिया जाता है, तो प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 73 हजार से 75 हजार ग्राम सोने की जरूरत होगी।
मौजूदा सोने की कीमतों के आधार पर इस योजना पर प्रतिदिन लगभग 84 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सालाना आधार पर यह खर्च हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
अखिलेश यादव की इस घोषणा के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यह वादा जनता के बीच कितना प्रभाव छोड़ता है और इस प्रस्तावित योजना को लेकर समाजवादी पार्टी आगे क्या विस्तृत रूपरेखा पेश करती है।
#AkhileshYadav #SamajwadiParty #UPPolitics #Election2027 #UttarPradesh