
Vande Bharat news: बिग ब्रेकिंग /फरीदाबाद में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर पथराव, 3 आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 22 अगस्त | प्रवीण कुमार
फरीदाबाद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 20/21 अगस्त की रात टाउन नंबर-1 मार्केट में रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार एसपीओ राजकुमार थाना कोतवाली में ईआरवी राइडर ड्यूटी पर तैनात हैं। रात करीब 12:30 बजे वह अपने साथी के साथ टाउन नंबर-1 स्थित दिल्ली जूस कॉर्नर के पास गश्त कर रहे थे। वहां 3-4 युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे।
पुलिस ने युवकों को समझाकर रात के समय झगड़ा न करने और अपने-अपने घर जाने के लिए कहा। लेकिन युवकों ने पुलिस की बात मानने के बजाय गाली-गलौच शुरू कर दी और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सड़क पर पड़े पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस पथराव में एसपीओ राजकुमार के सिर में चोट आई।
घटना की शिकायत पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
3 आरोपी काबू, जेल भेजे गए
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना कोतवाली पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान लोकेश, निखिल और पवन कुमार निवासी रामनगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर आपस में बहस कर रहे थे। पुलिस के समझाने पर वे आवेश में आ गए और पथराव कर दिया।
तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि सरकारी कर्मचारी पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है, ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा l
Hodal, Palwal | Aug 22, 2026