
डैफोडिल्स स्कूल की तीनों शाखाओं में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
मीरजापुर। देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर डैफोडिल्स स्कूल की तीनों शाखाओं में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट एवं गाइड के अनुशासित छात्र-छात्राओं द्वारा ड्रम की गौरवपूर्ण धुन के साथ विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती अपराजिता सिंह को मंच तक लाने से हुआ। शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण के बाद ध्वजारोहण किया गया। तिरंगा लहराते ही परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर देश को सलामी दी।
तीनों शाखाओं के विद्यालय भवनों को केसरिया, सफेद और हरे रंग के गुब्बारों व झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर सीनियर छात्रों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, कथक नृत्य, समूह नृत्य, भाषण और स्वरचित कविताओं की प्रस्तुतियां हुईं। नन्हे छात्रों ने स्वतंत्रता सेनानियों का वेश धारण कर उनके त्याग और बलिदान की याद दिलाई। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया और पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।
विद्यालय की एकेडमिक हेड, प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चे ही देश की नींव हैं और उनका कर्तव्य है कि वे शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के साथ देश को सही दिशा में आगे ले जाएं।
विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती अपराजिता सिंह एवं श्री अमरदीप सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए आजादी की कीमत समझने तथा अच्छे नागरिक बनकर देश की सेवा करने का संदेश दिया। उन्होंने अनुशासन, शिक्षा और राष्ट्रप्रेम को जीवन का मूल मंत्र बताया।
समारोह के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।