
गम्हरिया प्रखंड परिसर में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, फूलकांत झा ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
गम्हरिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गम्हरिया प्रखंड परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलकांत झा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के मार्ग पर चलकर देश के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज में शांति, सद्भाव, समानता और भाईचारे की प्रेरणा देते हैं।
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर उनके सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा को याद किया गया। उनके द्वारा दिया गया ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देश के जवानों और किसानों के सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की याद दिलाता है।
कार्यक्रम में गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा, प्रखंड महासचिव धनंजय गोप, प्रकाश झा, सूरज महतो समेत अन्य कार्यकर्ता एवं लोग उपस्थित रहे।