महाराजपुर में भीषण जलसंकट के बीच खूनी संघर्ष, पानी भरने गए युवक पर हमला
महाराजपुर। नगर पालिका परिषद महाराजपुर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित खटीक मुहाल में आठ दिन बाद पानी की आपूर्ति शुरू होने पर विवाद हो गया। नल पर पानी भरने गए जीतू खटीक के साथ दो युवकों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
जानकारी के अनुसार, वार्ड में पिछले आठ दिनों से जलापूर्ति ठप थी। गुरुवार को पानी आने पर लोग नल से पानी भरने पहुंचे। इसी दौरान जीतू खटीक का छोटू खटीक और शिवम खटीक से विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। घायल युवक को उपचार के लिए भेजा गया और पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि घटना नगर पालिका अध्यक्ष सपना महादेव खटीक के निवास के सामने हुई। पुलिस मामले में शिकायत के आधार पर वैधानिक कार्रवाई कर रही है। जलसंकट के बीच हुई इस घटना से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है।