शिवनगर में बंद घर के अंदर आग से झुलसी महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस
भोजपुर जिला अंतर्गत गिधा थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव में एक 50 वर्षीय महिला की आग से झुलसकर मौत हो गई। मृतका की पहचान यशोदा कुंवर के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार, घर से धुआं निकलता देख लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय महिला घर में अकेली थी और घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसी आधार पर परिजनों ने खुद आग लगाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
गिधा थानाध्यक्ष टिंकू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। बताया जाता है कि महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी और उनकी कोई संतान नहीं थी।