
पार्बती-III पावर स्टेशन में आयोजित किया गया हिंदी पखवाड़ा 2026 का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह
पार्बती-III पावर स्टेशन में हिंदी पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन 30 सितंबर, 2026 को किया गया। महाप्रबंधक (प्रभारी), पार्बती-III पावर स्टेशन द्वारा हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए ।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रभारी) ने संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा होने के साथ-साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा है। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग प्रशासनिक कार्यों को सरल, सहज और प्रभावी बनाने में सहायक है। उन्होंने कहा कि राजभाषा का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब हम इसे केवल प्रतियोगिताओं और विशेष अवसरों तक सीमित न रखते हुए अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों का हिस्सा बनाएँ। हिंदी के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि “निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल।” हिंदी के प्रति यह भावना कार्यालयीन कार्यों में निरंतर हिंदी के प्रयोग के माध्यम से और अधिक सशक्त की जा सकती है।
पार्बती-III पावर स्टेशन में हिंदी पखवाड़ा 2026 के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हिंदी प्रश्नमंच, राजभाषा ज्ञान प्रतियोगिता, हिंदी नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग प्रतियोगिता, हिंदी टाइपिंग प्रतियोगिता, हिंदी कविता पाठ प्रतियोगिता, हिंदी हस्ताक्षर प्रतियोगिता आयोजित की गई । इन प्रतियोगिताओं में कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी के प्रति अपनी रुचि एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
हिंदी पखवाड़ा 2026 पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय , तृतीय और प्रोत्साहन स्थान प्राप्त विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी उनके सहयोग एवं योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्री प्रवीण कुमार, महाप्रबंधक (सिविल), श्री रंजीत कुमार, महाप्रबंधक (यांत्रिक) उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान कार्यक्रम के अंत में श्री जी. टी. एस. राजू , समूह वरिष्ठ प्रबंधक (मा.सं.) द्वारा हिंदी पखवाड़ा 2026 को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों एवं आयोजन से जुड़े कार्मिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मंच संचालन श्री रमाकांत , राजभाषा अधिकारी द्वारा किया गया ।
इस अवसर पर पार्बती-III पावर स्टेशन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ तथा सभी ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Kullu, Kullu | Oct 1, 2026