12 दिन बाद खुला सैंज-रैला मार्ग, एनएचपीसी ने 16 मांगों पर जताई सहमति
रैला और रैला-II परियोजना से प्रभावित लोगों की मांगों पर समिति की रिपोर्ट के बाद प्रबंधन ने लिया निर्णय
कुल्लू
एनएचपीसी पार्बती-II पावर स्टेशन ने रैला एवं रैला-II मेन बांधित सैंज-रैला सड़क को 12 दिनों तक अवरुद्ध रहने के बाद दोबारा खोल दिया है। एनएचपीसी पार्बती-II पावर स्टेशन प्रमुख प्रभारी रणजीत सिंह ने नगवाईं में प्रैस वर्ता के दौरान बताया कि सड़क खोलने का निर्णय स्थानीय प्रशासन, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निवासियों और मीडिया के सहयोग से हुई चर्चाओं के बाद लिया गया।
एनएचपीसी के अनुसार, सड़क लंबे समय तक बंद रहने से विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों तथा आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क को जल्द खोलने की दिशा में प्रयास किए गए।
बताया गया कि विधिवत गठित समिति की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट पर हस्ताक्षर होने के बाद एनएचपीसी प्रबंधन ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई सभी 16 मांगों पर अपनी सहमति प्रदान की है। प्रबंधन ने कहा कि स्थानीय समुदाय की चिंताओं और हितों को ध्यान में रखते हुए संवाद एवं आपसी समझ के माध्यम से समाधान तलाशने के प्रयास जारी रहेंगे।
एनएचपीसी पार्बती-II पावर स्टेशन प्रमुख रणजीत सिंह ने स्थानीय प्रशासन, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निवासियों और मीडिया का सड़क दोबारा खोलने में सहयोग एवं समर्थन के लिए आभार जताया है।
Kullu, Kullu | Oct 3, 2026