
Bokaro Rath Yatra 2026: आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, कई इलाकों में रहेगी बिजली बंद
#bokaro #JagannathRathYatra #BokaroNews #RathYatra2026 #CurrentBokaro #Jharkhand #Jagannath #ReligiousFestival
Bokaro : बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर-4 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से गुरुवार को उत्कल सेवा समिति के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। परंपरा के अनुसार बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन छेरा रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।
##इन मार्गों से गुजरेगी रथ यात्रा
रथ यात्रा सेक्टर-4 अंबेडकर चौक से शुरू होकर बीजीएच पथ, सिटी सेंटर, बोकारो मॉल और पंडित जवाहरलाल नेहरू चौक होते हुए सेक्टर-1 स्थित राम मंदिर परिसर की मौसीबाड़ी पहुंचेगी। यहां भगवान जगन्नाथ अगले दस दिनों तक विश्राम करेंगे। इसके बाद निर्धारित तिथि पर बहुदा यात्रा के साथ भगवान की मंदिर वापसी होगी।
##दोपहर से शाम तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित
रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए शहर के रथ मार्ग से जुड़े कुछ क्षेत्रों में दोपहर से शाम तक एहतियातन बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है।
##महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था
रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और युवतियों की भागीदारी को देखते हुए जिला प्रशासन और सीआईएसएफ, बीएसएल ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। सीआईएसएफ की विशेष महिला विंग को तैनात किया गया है। महिला सुरक्षाकर्मी बॉडी कैमरा के साथ ड्यूटी करेंगी ताकि भीड़ के बीच किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
##चेन स्नैचिंग और पॉकेटमारी रोकने पर रहेगा फोकस
भीड़भाड़ के दौरान चेन छिनतई, पॉकेटमारी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। रथ यात्रा मार्ग के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे आयोजन की निगरानी की जाएगी।
Chas, Bokaro | Jul 16, 2026