
24 घंटे में लापता नाबालिग बालिका को खोजा
देवास पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा, इस साल 265 में से 261 अपहृत बच्चों की दस्तयाबी
देवास। ऑपरेशन मुस्कान के तहत बागली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता नाबालिग बालिका को महज 24 घंटे के भीतर जिला देवास से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका के लापता होने पर पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन और एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। सूचना मिलने पर विशेष टीम को देवास रवाना किया गया, जहां 17 अक्टूबर को बालिका को सकुशल खोज लिया गया।
बालिका के पुलिस कथन और न्यायालय के समक्ष दिए गए बयानों के आधार पर प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
265 में से 261 बच्चों की दस्तयाबी
एसपी पुनीत गेहलोद के अनुसार, वर्ष 2026 में देवास पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं के 265 प्रकरण दर्ज किए हैं। इनमें से 261 बच्चों को दस्तयाब किया जा चुका है।