ग्वालियर में बेकाबू ट्रक का कहर, मंदिर जा रहे 13 श्रद्धालुओं की मौत
धान से भरे ट्रक ने बैरिकेड तोड़ श्रद्धालुओं को कुचला, मंदिर की दीवार और गेट से टकराया; 39 लोगों को पहुंचाया गया अस्पताल, दो पुलिसकर्मी भी घायल
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नवरात्रि के दौरान शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं पर मौत बनकर दौड़े धान से भरे एक बेकाबू ट्रक ने भीषण तबाही मचा दी। ट्रक ने रास्ते में लगे पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए और श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद कुल 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
नवरात्रि के चलते शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी दौरान हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।