पीपीगंज में शराब की दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 6 बोतल अंग्रेजी शराब और नकदी बरामद
गोरखपुर। पीपीगंज थाना पुलिस ने शराब की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की छह बोतल अंग्रेजी शराब (750 एमएल) और 15,552 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को पीपीगंज क्षेत्र स्थित एक शराब की दुकान से अज्ञात चोरों ने नौ बोतल अंग्रेजी शराब और बिक्री के 54 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। दुकान संचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पीपीगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पचगांवा निवासी हवन पटेल और मनीष पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।