
साहित्यिक योगदान के लिए महामहिम राज्यपाल ने कवि व शिक्षक सिकंदर बंसल को किया सम्मानित
रामपुर बुशहर/शिमला। रामपुर बुशहर नगर परिषद के वार्ड नंबर-6 डकोलर के स्थायी निवासी एवं वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्यूरी में अंग्रेजी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत सिकंदर बंसल को साहित्यिक योगदान और काव्य लेखन के लिए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें 1 अक्टूबर को लोक भवन, शिमला में आयोजित ‘साहित्य से सेवा’ काव्य गोष्ठी के दौरान प्रदान किया गया। बंसल लंबे समय से कविता लेखन के साथ-साथ सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लेखन कर रहे हैं। पिछले करीब दस वर्षों से वे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए नियमित रूप से समसामयिक, सामाजिक, शैक्षणिक और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर लेख लिख रहे हैं।
सिकंदर बंसल की साहित्यिक एवं सामाजिक विषयों पर सक्रियता को पहले भी विभिन्न मंचों पर पहचान मिल चुकी है। दूरदर्शन शिमला पर उनके दो साक्षात्कार प्रसारित हो चुके हैं। वहीं, इसी वर्ष आयोजित समर फेस्टिवल शिमला के दौरान भी उनके काव्य लेखन के लिए उन्हें उपायुक्त शिमला द्वारा सम्मानित किया गया था।
राज्यपाल द्वारा प्राप्त इस सम्मान पर क्षेत्र के साहित्यकारों और उनके शुभचिंतकों ने सिकंदर बंसल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की है।
रिपोर्ट महेन्द्र सिंह पटेल