
मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मंगलवार को निपानिया स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी ('रोमियो लेन') और खातीवाला टैंक स्थित 'गोस्वामी मोमोज' पर औचक कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान रोमियो लेन के किचन में शाकाहारी-मांसाहारी भोजन एक साथ रखने, एक्सपायर्ड लाइसेंस, कीड़े लगे खसखस-मशरूम और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट न होने जैसी गंभीर लापरवाहियां मिलीं। वहीं गोस्वामी मोमोज बिना वैध लाइसेंस और भारी गंदगी के बीच संचालित होता पाया गया।
सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और वैध दस्तावेजों के अभाव में दोनों ही प्रतिष्ठानों में खाद्य निर्माण और प्रसंस्करण का काम तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया है। मौके से पनीर, दही, खड़े मसाले और मोमोज सहित कुल 7 खाद्य नमूने जब्त कर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#Indore #FoodSafety #IndoreNews #HealthAndHygiene #FoodSafetyDepartment #IndoreFoodSafety #MPNews #PublicHealth #FatafatNews