
पंचकूला में ग्राम सभाओं की तैयारियों की समीक्षा
अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं निदेशक ने अधिकारियों को दिए निर्देश
2 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होंगी ग्राम सभाएं
अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर
पंचकूला, 1 अक्टूबर: जिला पंचकूला में ग्राम सभाओं के आयोजन से संबंधित कार्यों की प्रगति एवं तैयारियों की समीक्षा हेतु अतिरिक्त मुख्य सचिव, विकास एवं पंचायत विभाग, हरियाणा श्री विजयेंद्र कुमार तथा निदेशक, विकास एवं पंचायत विभाग, हरियाणा श्री सुशील सारवान की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त श्री विवेक आर्य, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी श्री विशाल पराशर, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री संजय टांक, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों तथा संबंधित उपमंडल अभियंताओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान ग्राम सभाओं के आयोजन, आवश्यक तैयारियों तथा निर्धारित कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। अपर मुख्य सचिव एवं निदेशक, विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ग्राम सभाओं का आयोजन प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए तथा ग्राम स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।
ग्राम सभाओं का आयोजन 2 अक्टूबर को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता तथा निर्धारित कार्यसूची के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन एवं विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा सभी संबंधित ग्राम पंचायतों से अपील की गई है कि ग्राम सभा में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करें तथा ग्राम सभा की कार्यवाही निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूर्ण करें।