
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर सिवनी मालवा में नल-जल योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित
समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर ग्राम पंचायतों को योजनाओं का हस्तांतरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में नल-जल योजनाओं की अनुविभागीय स्तर पर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को सिवनी मालवा तहसील में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री विजय राय की अध्यक्षता में नल-जल योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों, निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित नल-जल योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए योजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण कर नियमानुसार ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सरपंचों एवं सचिवों को निर्देश दिए गए कि वे पीएचई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं का कार्य पूर्ण कराएं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका हस्तांतरण सुनिश्चित करें, जिससे योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। एसडीएम श्री विजय राय ने कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशों के अनुरूप सभी निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों को आपसी समन्वय के साथ बिना किसी अनावश्यक विलंब के कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के शासन के उद्देश्य को शीघ्र पूरा किया जा सके।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP