देवास। देवास–इंदौर के बीच निजी बसों से सफर अब महंगा हो गया है। प्रदेश सरकार ने सामान्य बसों का अधिकतम किराया 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 2 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया है। नई दर लागू होने के बाद देवास–इंदौर का किराया करीब 74–76 रुपये हो सकता है, जबकि अभी तक यात्रियों से लगभग 50 रुपये लिया जा रहा था। दोनों शहरों के बीच करीब 37–38 किमी दूरी होने से एक तरफ के सफर में लगभग 25 रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे।
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर रोज़ नौकरी, पढ़ाई, व्यापार और इलाज के लिए देवास–इंदौर अप-डाउन करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, निजी कंपनियों के कर्मचारी और मरीज बस सेवा पर निर्भर हैं।
किराया संशोधन का फैसला मध्यप्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन की हड़ताल चेतावनी के बाद लिया गया। एसोसिएशन ने 7 अगस्त तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया था और 8 अगस्त से बस संचालन बंद करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद सरकार ने 5 अगस्त को राजपत्र जारी कर नई दरें लागू कर दीं। सामान्य बसों के लिए न्यूनतम किराया 10 रुपये तय किया गया है।