
सीडियास के राजकीय विद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
डीडवाना-कुचामन पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष साइबर जागरूकता अभियान के तहत पीलवा थाना पुलिस द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, सीडियास में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में थानाधिकारी अजय सिंह ने विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय ग्रामीणों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के तरीकों से अवगत कराया।पार्सल व एड्रेस अपडेट के नाम पर ठगी: "पार्सल होल्ड" या "एड्रेस अपडेट" जैसे संदेशों के साथ आने वाले संदिग्ध एसएमएस या व्हाट्स लिंक पर भूलकर भी क्लिक न करें।फर्जी एपीके फाइल्स: इंडिया पोस्ट या किसी नामी कूरियर कंपनी के नाम से भेजे जाने वाले फर्जी लिंक और .एपीके फाइल्स को फोन में डाउनलोड न करें। रिमोट एक्सेस ऐप्स का खतरा: किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने मोबाइल या कंप्यूटर में एनीडेस्क, टीमव्यूअर जैसी रिमोटी एक्सेस एप्लीकेशन इंस्टॉल न करें। गोपनीयता बनाए रखें: अपना ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, यूपीआई पिन या बैंक खाते से जुड़ी कोई भी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।सोशल मीडिया पर सतर्कता: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अज्ञात लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने तथा अज्ञात लिंक खोलने से बचें।थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो वह घबराएं नहीं। घटना के तुरंत बाद राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी पुलिस थाना/साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने संदेश दिया कि "सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।" इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।