अनंत सिंह के घर महाकुंभ जैसा नजारा, 20 किलोमीटर पैदल चलकर शादी में पहुंच रहे मेहमान
बिहार के मोकामा में विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। नदवां स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास पर आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के लिए दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। भीड़ का आलम यह है कि कई लोग करीब 20-20 किलोमीटर पैदल चलकर शादी समारोह तक पहुंच रहे हैं।
सामने आई तस्वीरों और वीडियो में सड़क पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। फोरलेन पर भी लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। शादी समारोह में उमड़ रही भीड़ को देखकर इसे अनंत सिंह के घर महाकुंभ जैसा नजारा बताया जा रहा है। शिवांगी की शादी अपने भव्य आयोजन और मेहमानों की भारी भीड़ के कारण पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है।