
कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन का छापा, फायर सेफ्टी व्यवस्था में मिली खामियां
भाटपार रानी, देवरिया। नगर में संचालित कोचिंग एवं कंप्यूटर सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए मंगलवार को उप जिलाधिकारी दीप राज सिंह और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर के तीन कोचिंग सेंटरों की जांच की गई। टीम ने सबसे पहले कैन यूनियन रोड स्थित एक डिजिटल कंप्यूटर सेंटर का निरीक्षण किया, जहां छात्रों की उपस्थिति के बीच फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। अधिकारियों ने संचालकों को तत्काल अग्निशमन यंत्र, बालू की बाल्टियां और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद टीम ने अन्य कोचिंग संस्थानों का भी निरीक्षण किया। एक कोचिंग सेंटर निरीक्षण के समय बंद मिला। अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम दीप राज सिंह ने बताया कि सभी कोचिंग संस्थानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।