
दिल्ली में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर! पैदल जा रहे शख्स को कुचलकर चालक फरार
दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में हिट एंड रन का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-एन की टक्कर से 45 वर्षीय उदय कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना भारत पेट्रोल पंप के पास हुई, जब उदय कुमार अपने एक सहकर्मी के साथ पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आई स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों और उनके सहकर्मी ने तुरंत उन्हें गुरु गोबिंद सिंह (GGS) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को फरार वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि स्कॉर्पियो हिमाचल प्रदेश में पंजीकृत है। अब पुलिस वाहन के मालिक और हादसे के समय उसे चला रहे चालक की पहचान करने में जुटी है।
मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर फरार आरोपी की तलाश जारी है।
#Delhi #HitAndRun #RoadAccident #RajouriGarden #DelhiPolice #BreakingNews #CrimeNews #RoadSafety #HindiNews #NewsUpdate