
700 किमी पीछा कर गुजरात से चोरी हुआ डंपर बरामद, 400 CCTV फुटेज खंगाले
अजमेर। बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त की रात चोरी हुए डंपर को गुजरात से बरामद किया है। पुलिस टीम ने करीब 15 दिनों तक दिन-रात मेहनत करते हुए लगभग 700 किलोमीटर तक पीछा कर चोरी हुए डंपर को गुजरात के छोटा उदयपुर और बड़ोदरा क्षेत्र से बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, परिवादी अशोक कुमार जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 अगस्त की रात उसका डंपर आरजे 14 जीटी 6746 ग्राम चुलती स्थित अजय स्टोन क्रेशर से चोरी हो गया। रिपोर्ट पर बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों के करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी हुए डंपर का पीछा करते हुए गुजरात तक पहुंच बनाई। टीम ने छोटा उदयपुर और बड़ोदरा क्षेत्र में तलाश के बाद डंपर को बरामद कर लिया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. लालचंद कायल के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी आयुष वशिष्ठ के निकट सुपरविजन में बांदरसिंदरी थाना पुलिस टीम ने की। पुलिस अब मामले में आरोपियों की तलाश और अग्रिम अनुसंधान कर रही है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Sep 22, 2026