
छतरपुर में कल होगा ‘बलराम कृषि महोत्सव’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली किसानों से करेंगे संवाद
कृषि वैज्ञानिक देंगे फसलों की आधुनिक तकनीक की जानकारी
---
जिले के किसानों को रबी सीजन की फसलों की नवीनतम तकनीक, उन्नत कृषि पद्धतियों एवं आधुनिक कृषि संसाधनों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 सितम्बर 2026 को कृषि उपज मंडी प्रांगण, सटई रोड छतरपुर में ‘बलराम कृषि महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में होगा। जिले के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में किसानों के महोत्सव में शामिल होने की संभावना है।
महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़कर किसानों से संवाद करेंगे। इस दौरान वे किसानों से चर्चा कर कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर जानकारी एवं सुझाव साझा करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा कृषि क्षेत्र में सक्रिय इंफ्लूएंसर्स से भी संवाद किया जाएगा।
कृषि वैज्ञानिक बताएंगे आधुनिक तकनीक और उन्नत कृषि पद्धतियां
बलराम कृषि महोत्सव में कृषि वैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञ किसानों को रबी मौसम की प्रमुख फसलों की उन्नत किस्मों, नवीनतम कृषि तकनीक, बेहतर कृषि पद्धतियों, फसल प्रबंधन तथा समसामयिक कृषि विषयों की जानकारी देंगे। किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन और कृषि आय बढ़ाने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उन्नत बीज, कृषि यंत्र और उर्वरक व्यवस्था की मिलेगी जानकारी
महोत्सव में किसानों के लिए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां नवीनतम बीज किस्मों, उन्नत कृषि यंत्रों, उर्वरकों के उपयोग एवं ई-विकास के माध्यम से उर्वरक वितरण सहित कृषि से संबंधित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही उद्यानिकी, पशुपालन एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाए जाएंगे। निजी कृषि विक्रेताओं द्वारा कृषि उपयोगी सामग्री एवं तकनीकों से संबंधित प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कृषकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
उप संचालक कृषि, जिला छतरपुर ने जिले के समस्त कृषकों से बलराम कृषि महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने किसानों से कहा है कि वे महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों से नवीनतम तकनीकी जानकारी प्राप्त करें और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर फसल उत्पादन, उत्पादकता एवं अपनी कृषि आय में वृद्धि का लाभ प्राप्त करें।
Jansampark Madhya Pradesh