
पंचायत चुनाव: अंतिम मतदाता सूची आज होगी जारी
यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची बुधवार को जारी की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से इसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार को मतदाता सूची के कंप्यूटीकरण, स्टेट वोटर नंबर के आवंटन व मतदेय स्थलों की मैपिंग इत्यादि का काम अंतिम चरण में पहुंचा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी करने की इससे पहले पांच बार तारीख बढ़ाई जा चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर बुधवार शाम तक सूची अपलोड की जाएगी। अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाश 23 दिसंबर 2025 को किया गया था। अनंतिम मतदाता सूची में 12.69 करोड़ मतदाता शामिल हैं।
अनंतिम मतदाता सूची में 1.81 करोड़ नए नाम जोड़े गए थे, 21.08 लाख मतदाताओं के नाम में संशोधन किया गया था और 1.41 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए थे। वर्ष 2021 की मतदाता सूची में 12.29 करोड़ मतदाता थे और इस अनंतिम मतदाता सूची में 12.69 करोड़ मतदाता हैं। ऐसे में पिछले चुनाव की तुलना में 40.19 लाख नए मतदाता बढ़े हैं। पहली बार राज्य निर्वाचन आयोग पंचायत चुनाव में तकनीकी का भरपूर प्रयोग करेगा।
Orai, Jalaun | Jun 10, 2026