
6 माह से फरार हिस्ट्रीशीटर स्थाई वारंटी गिरफ्तार
आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन सुदर्शन चक्र- 2 के तहत आकोला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास, फिरौती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट एवं पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर अपराधों में संलिप्त 6 माह से फरार स्थाई गिरफ्तारी वारंटी एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी देवीलाल उर्फ देवा गाडरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के अभियान के तहत एएसपी मुकुल शर्मा व डीएसपी कपासन हरजी लाल यादव के सुपरवीजन में ईन्चार्ज थाना एएसआई चन्दनसिंह मय जाप्ता द्वारा थाना हाजा के प्रकरण में सजायाफ्ता 6 माह से फरार स्थाई वारण्टी देवीलाल उर्फ देवा गाडरी पिता नारायण लाल उम्र 36 साल निवासी जैवाणा पुलिस थाना फतेहनगर जिला उदयपुर को गिरफतार किया गया है। गिरफ्तारशुदा वारंटी देवीलाल उर्फ देवा गाडरी के विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें पुलिस थाना फतेहनगर में बलवा, मारपीट, हत्या का प्रयास, फिरौती, अपहरण, पोक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित 11 प्रकरण, पुलिस थाना रेलमगरा में बलवा, आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के 03 प्रकरण, पुलिस थाना केलवा में बलवा, हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट के 2 प्रकरण, पुलिस थाना नाथद्वारा में मारपीट एवं आर्म्स एक्ट के 2 प्रकरण, पुलिस थाना आकोला में बलवा, हत्या के प्रयास एवं संपत्ति नुकसान का 1 प्रकरण तथा पुलिस थाना मावली में न्यायिक अभिरक्षा से फरार होने का 01 प्रकरण दर्ज है। वारण्टी पुलिस थाना फतेहनगर जिला उदयपुर का सक्रिय अपराधी हो हिस्ट्रीशीटर है।