
ठाकुर सेन नेगी प्रीमियर लीग के पोस्टर का अनावरण
- क्रिकेट विजेता टीम को मिलेगी 3 लाख इनामी राशि और ट्रॉफी
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। स्वर्गीय ठाकुर सेन नेगी प्रीमियर लीग के पोस्टर का अनावरण उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर नगर परिषद रामपुर के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ठाकुर सेन नेगी प्रीमियर लीग एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी और सचिव डॉ. देव नेगी भी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस बार टीएसएनपीएल में क्रिकेट के साथ युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। लीग के तहत क्रिकेट प्रतियोगिता के अलावा रस्साकशी, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं, किन्नौरी संस्कृति कार्यक्रम, ग्रैंड फिनाले, स्टार नाइट और विशेष समारोह भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मुख्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 27 सितंबर से 11 अक्टूबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में अधिकतम 24 टीमों को ही प्रवेश दिया जाएगा। टीम एंट्री 22 अगस्त से शुरू हो चुकी है। टीम की एंट्री फीस 25 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जबकि स्लॉट बुक करने के लिए 15 हजार रुपये जमा करवाने होंगे। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 3 लाख रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 1.50 लाख रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। आयोजकों ने खिलाड़ियों और टीमों से जल्द पंजीकरण करवाने का आग्रह किया है।
टीएसएनपीएल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ नशे के खिलाफ जागरूक करना है। आयोजकों ने इस वर्ष लीग को “चिट्टे को भगाओ, युवाओं को बचाओ” अभियान से जोड़ते हुए नशामुक्त किन्नौर का संदेश देने का आह्वान किया है।
Ani, Kullu | Aug 27, 2026