
*पैरा आर्म रेसलिंग में मुरैना के निरंजन गुर्जर ने जीते दो स्वर्ण पदक, विश्व चैंपियनशिप के लिए चयनित*
मुरैना। मुरैना जिले के होनहार पैरा खिलाड़ी श्री निरंजन गुर्जर (रिंकू) ने गुजरात के गांधीनगर में आयोजित नेशनल पैरा आर्म रेसलिंग प्रो पंजा चैंपियनशिप 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पैरा सीटिंग 65 किलोग्राम वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर जिले, प्रदेश एवं देश का गौरव बढ़ाया है।
प्रतियोगिता के दौरान श्री निरंजन ने अपने शानदार खेल कौशल, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए दाएं एवं बाएं दोनों हाथों की स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनके इस उल्लेखनीय प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन वर्ष 2026 में भारत में आयोजित होने वाली विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है, जहां वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अपनी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री निरंजन गुर्जर ने सफलता का श्रेय अपने परिवार, प्रशिक्षकों एवं शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश और प्रदेश के लिए पदक जीतना तथा विश्व मंच पर तिरंगा लहराना है। विश्व चैंपियनशिप के लिए चयनित होने पर जिले के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने निरंजन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस अवसर पर श्री निरंजन गुर्जर ने मुरैना कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर श्री जांगिड़ ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी विश्व चैंपियनशिप एवं भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं तथा निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। निरंजन की यह उपलब्धि जिले के युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।