बहराइच के लाल प्रत्यूष पाल ने बढ़ाया मान: NEET में 601 अंक हासिल कर जिले का नाम किया रोशन
बहराइच के महसी तहसील से एक बेहद प्रेरणादायक खबर सामने आई है। गोलागंज गांव के रहने वाले मेडिकल छात्र प्रत्यूष पाल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का सर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
प्रत्यूष ने नीट परीक्षा में 601 अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा महसी और बहराइच क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
बुधवार को प्रत्यूष पाल की इस सफलता पर नानपारा चीनी मिल के डायरेक्टर अखंड प्रताप सिंह ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र भेंट किए गए और मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया गया।
इस मौके पर डायरेक्टर अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि प्रत्यूष जैसे होनहार युवाओं ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है और वे आने वाली पीढ़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा हैं।