
हिमाचल में कर्मचारियों को बड़ी राहत: NPS से बाहर आने के लिए वन टाइम ऑप्शन लागू
सबहेड: 15 मई 2003 से पहले विज्ञापित पदों पर नियुक्त कर्मियों को CCS पेंशन नियमों में शामिल होने का अवसर, 31 अक्टूबर तक भर सकेंगे विकल्प
शिमला/चंबा 12 जुलाई ,चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश सरकार ने हजारों कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। वित्त (पेंशन) विभाग द्वारा 9 जुलाई 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के तहत 15 मई 2003 से पूर्व विज्ञापित अथवा अधिसूचित पदों पर नियुक्त कर्मचारियों को CCS (Pension) Rules, 1972 के अंतर्गत आने के लिए वन टाइम ऑप्शन प्रदान किया गया है। इस फैसले से लंबे समय से नई पेंशन योजना (NPS) से बाहर आने की मांग कर रहे कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
हिमाचल प्रदेश JBT बैच 2006-08 के राज्य अध्यक्ष सुनील जरियाल ने इस निर्णय को कर्मचारियों के वर्षों के संघर्ष और एकजुटता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि अगस्त 2023 से इस मुद्दे को प्रदेश स्तर पर मजबूती से उठाया गया और लगातार सरकार से मांग की गई कि केंद्र सरकार की तर्ज पर पात्र कर्मचारियों को विकल्प दिया जाए।
जरियाल ने बताया कि इस मांग को लेकर सरकार को दर्जनों ज्ञापन सौंपे गए और कई बार उच्च स्तर पर बैठकें आयोजित की गईं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिमला में कई दौर की वार्ताएं हुईं। इसके अलावा चंबा प्रवास के दौरान विभिन्न मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष भी कर्मचारियों का पक्ष प्रमुखता से रखा गया।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर शिक्षा विभाग और वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा गया। इन सभी प्रयासों का परिणाम है कि सरकार ने कर्मचारियों की इस लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकार किया।
सुनील जरियाल ने कहा कि यह केवल एक अधिसूचना नहीं बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला निर्णय है। उन्होंने इसे पुरानी पेंशन बहाली के बाद कर्मचारियों के लिए दूसरा सबसे बड़ा फैसला बताया।
कार्यालय ज्ञापन के अनुसार पात्र कर्मचारी 31 अक्टूबर 2026 तक अपना वन टाइम ऑप्शन भर सकेंगे। पात्र पाए जाने पर उन्हें CCS (Pension) Rules, 1972 के तहत शामिल किया जाएगा और उनका NPS खाता बंद कर GPF में स्थानांतरित किया जाएगा।
अंत में उन्होंने सभी पात्र कर्मचारियों से समय सीमा के भीतर विकल्प भरने की अपील करते हुए कहा कि JBT बैच 2006-08 आगे भी कर्मचारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
Chamba, Chamba | Jul 12, 2026