
ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों का शोषण, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दो बच्चियां मुक्त, दो संचालक गिरफ्तार
�
शिवहर। मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन नया सवेरा 3.0' के तहत शिवहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑर्केस्ट्रा में काम कराई जा रही दो नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया है। वहीं मौके से ऑर्केस्ट्रा के दो संचालकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई यातायात डीएसपी सह एएचटीयू (मानव व्यापार विरोधी इकाई) के नोडल पदाधिकारी भाई भरत के नेतृत्व में गठित जिला टास्क फोर्स द्वारा तरियानी थाना क्षेत्र के सुमहूती गांव के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान दो नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया तथा दोनों संचालकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मुक्त कराई गई बच्चियों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत कर उनके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यातायात डीएसपी भाई भरत ने बताया कि नाबालिग बच्चों के शोषण, मानव तस्करी और बाल श्रम जैसे अपराधों के विरुद्ध पुलिस पूरी सख्ती और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस अभियान में पैरा लीगल वॉलिंटियर मेनका कुमारी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बच्चियों को उनके अधिकारों की जानकारी दी और पुनर्वास प्रक्रिया में सहयोग किया।
कार्रवाई में एएचटीयू के विनय प्रताप सिंह, तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सवेरा स्वयंसेवी संगठन, आदिथि कवच परियोजना के प्रतिनिधियों तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी शामिल रहे।