
बगहा पुलिस जिला के लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में बुधवार को उस समय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं, जब एक व्यक्ति खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) का अधिकारी बताकर कमांडेंट से मिलने पहुंच गया। संदेह होने पर एसएसबी अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसकी कार से पीएमओ, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट के नाम से बने कई पहचान पत्र सहित अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। इसके बाद एसएसबी ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
एसएसबी की ओर से लौकरिया थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 11 नवंबर को दोपहर करीब 2:50 बजे संजीव कुमार श्रीवास्तव वाहिनी के आरपी गेट संख्या-1 पर पहुंचा। उसने कमांडेंट से मिलने की इच्छा जताते हुए खुद को पीएमओ और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) से जुड़ा अधिकारी बताया। साथ ही दावा किया कि एनएससीएस में शामिल होने से पहले वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सहायक कमांडेंट के पद पर तैनात था।
उसकी बातों पर संदेह होने के बाद एसएसबी अधिकारियों ने वास्तविक पहचान और मुख्यालय आने का उद्देश्य पूछा। हालांकि, वह अपने दावों के समर्थन में संतोषजनक प्रमाण नहीं दे सका। इसके बाद उसकी किआ कार (यूपी 53 एफएन 0122) की तलाशी ली गई। कार पर सीआरपीएफ का स्टीकर और भारत सरकार का लोगो लगा था। तलाशी में पीएमओ, एनआईए और सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट के नाम से बने पहचान पत्र समेत कई संदिग्ध कागजात मिले। एसएसबी ने बरामद दस्तावेजों की सूची भी पुलिस को सौंपी।
एसएसबी के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में 21वीं वाहिनी एसएसबी के उप कमांडेंट यशवंत कुमार ने लौकरिया थाने में लिखित आवेदन दिया था। थानाध्यक्ष रमण कुमार सिंह ने बताया कि एसएसबी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर संजीव कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया है। वह उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र स्थित बुढाडीह कला गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय वशिष्ठ नारायण श्रीवास्तव है। गिरफ्तार आरोपित को बगहा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस बरामद दस्तावेजों और पूरे मामले की जांच कर रही है।